शर्ब्बानी हाल्दार
17 अक्टूबर,2008, मैंगनीज एलॉय उत्पादक मैथन एलॉय ने आन्ध्र प्रदेश में 275 करोड़ रुपए के निवेश से 1.2 लाख टन क्षमता युक्त फेर्रो एलॉय इकाई की स्थापना की घोषणा की है।
हाल में प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विशाखापत्तनम में स्थापित की जाने वाली इस इकाई में फेर्रो मैंगनीज और फेर्रो सिलिकन का उत्पादन किया जाएगा जो स्टेनलेस स्टील के उत्पादन के लिए प्रमुख कच्चे माल के रूप में उपयोग कि या जाता है। कम्पनी अपनी सहायक इकाई के माध्यम से इस योजना को पूरा करेगी, जिसमें मैथन एलॉय निवेश करेगी। यह परियोजना वर्ष 2011 में पूरी होने की संभावना है।
कम्पनी की मेघालय में स्थित 80 करोड़ रुपए के निवेश से शुरू परियोजना अगले वर्ष मार्च तक पूरी हो जाएगी। इस संयंत्र की क्षमता 28,000 टन प्रतिवर्ष है।
वर्तमान समय में मैथन एलॉय की पश्चिम बंगाल के आसनसोल के समीप 94,600 टन प्रतिवर्ष क्षमता की इकाई है। नई परियोजना में उत्पादन शुरू होने के बाद इसकी फेर्रो एलॉय उत्पादन की कुल क्षमता 2.4 लाख टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।
सूत्रों के अनुसार यह कम्पनी हल्दिया में एक जगह की तलाश कर रही है जहां अपने उत्पादों के निर्यात के लिए बंदरगाह पर आधारित संयंत्र की स्थापना की जा सके। इसने पश्चिम बंगाल सरकार के पास जमीन के लिए अनुरोध किया है तथा योजना अभी प्राथमिक चरण में है। बंदरगाह पर आधारित संयंत्र की स्थापना से मैथन एलॉय को दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया से अच्छी गुणवत्ता के मैंगनीज अयस्क के आयात में सुविधा होगी। इससे कम्पनी के तैयार उत्पादों को यूरोप व जापान में निर्यात करने में आने वाले जमीनी परिवहन की लागत की भी बचत हो सकेगी।
कम्पनी ने एक निजी कम्पनी से उड़ीसा में मैंगनीज अयस्क का ब्लॉक भी खरीदा है तथा पर्यावरण क्लीयरेंस के लिए आवेदन किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस खदान से कम्पनी की अगले 20 वर्षों तक अयस्क की 20 फीसदी जरूरतों की आपूर्ति की जा सकेगी। कम्पनी ने मध्य प्रदेश में एक नई खदान में खनन की योजना भी बनाई है।
वर्तमान समय में कम्पनी की बाजार में 10 फीसदी भागीदारी है तथा इस वित्त वर्ष के दौरान कम्पनी का 940 करोड़ रुपए का कारोबार करने का अनुमान है, जिसे वर्ष 2011 तक बढ़ाकर 2,000 करोड़ रुपए करने का लक्ष्य रखा गया है।
कम्पनी ने एक नई सहायक इकाई के गठन की अनुमति दी है, जो खनिज उद्योग में निवेश करेगी। इसके साथ ही कम्पनी फेर्रो एलॉय के उत्पादन के लिए बैकवर्ड इंटीग्रेशन का लक्ष्य प्राप्त करेगी। नई सहायक इकाई मैंगनीज अयस्क और कोयला सहित विभिन्न प्रकार के खनिज में निवेश करेगी।
(स्टील इनसाइट्स)
घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड